मन व दिमाग को शांत करने के उपाय
गहरी सांस लेने की एक्सरसाइज करें –
जब आपको महसूस हो कि मन अशांत हो गया है या दिमाग तनाव से ग्रस्त है तो आपको गहरी सांस लेने की कोशिश करनी चाहिए। यह व्यायाम आपके मन को आराम पहुंचाने में बेहद फायदेमंद है। अच्छा होगा अगर आप इस व्यायाम को रोजाना दोहराएं। मन को शांत करने के लिए आप निम्नलिखित तरीकों से ब्रीदिंग एक्सरसाइज कर सकते हैं -
सबसे पहले अपने मुंह को बंद करें और नाक से गहरी सांस लें। सांस लेने के बाद सात सेकेंड के लिए सांस को ऐसे ही रोक कर रखें। फिर जब सांस छोड़ें तो सात की गिनती गिनते हुए सांस छोड़ना शुरू करें। आप खुद भी समय में बदलाव कर सकते हैं।
इस व्यायाम को इसी तरह चार बार दोहराएं।
प्रत्येक सांस की प्रक्रिया के बीच कुछ सेकेंड या मिनट का अंतराल रखें।
मन को शांत के लिए मैडिटेशन करें –
मन को शांत करने के लिए मैडिटेशन करें। मैडिटेशन आपके दिमाग और मन को शांत करने के लिए बहुत फायदेमंद है। इसमें बस आपको आराम से बैठकर किसी वस्तु, जगह, रंग, शब्द आदि पर ध्यान केंद्रित करना है। मैडिटेशन करने के लिए एकदम शांत जगह ढूंढे और कम से कम दस मिनट तक मैडिटेशन करें। मैडिटेशन करते समय इस बात को सुनिश्चित कर लें कि आपको सिर्फ और सिर्फ सकरात्मक सोच रखनी है। मैडिटेशन की मदद से दिमाग में लगातार आने वाली नकरात्मक सोच से छुटकारा मिलता है और आप बेहतर महसूस करते हैं।
किसी शांत दृश्य पर अपना ध्यान केंद्रित करें –
किसी दृश्य पर ध्यान केंद्रित करने से आपका दिमाग शांत होता है। ये तकनीक आपको थोड़ी मैडिटेशन के समान लग सकती है, लेकिन इसमें एक फर्क है। किसी भी शब्द या विचार को सोचने के बजाए केवल शांति या ख़ुशी देने वाले दृश्य पर ध्यान दें। जैसे – “आप सुबह उठे और कई साल से आप जिस दोस्त से मिले नहीं हैं उसे देखकर आप ख़ुशी से झूम उठे”। कुछ इसी तरह के सकरात्मक दृश्यों के बारें में दस मिनट तक सोचें। इस तरह आपका मन व दिमाग शांत होगा और रिलैक्स महसूस करेगा।
रोजाना व्यायाम करें -
व्यायाम तनाव को कम करने का बेहद अच्छा तरीका है। व्यायाम करने से एंडोर्फिन (endorphins) नामक हॉर्मोन जारी होता है, जो कि "खुश" रखने वाला हॉर्मोन है। आप बाहर या जिम में व्यायाम करने की बजाए घर में भी आधा घंटा व्यायाम कर सकते हैं। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि जो भी व्यायाम आप कर रहे हो उसमें मजा आना चाहिए। व्यायाम जैसे वेट लिफ्टिंग, कोई भी खेल, स्विमिंग आदि। रोजाना अलग-अलग प्रकार के व्यायाम करने की कोशिश करें। एक ही व्यायाम करने से आप ऊब सकते हैं।
पसंदीदा गतिविधियां करें -
हर किसी के अलग-अलग प्रकार के शौक होते हैं जैसे खाना पकाना, खेल खेलना, किताबें पड़ना, पेंटिंग करना आदि। इस प्रकार के शौक रखने से मन शांत रहता है और इधर-उधर की बातों के बारें में नहीं सोचता। इनके अलावा आप पसंदीदा गाने भी सुन सकते हैं। गाने सुनने के साथ-साथ थोड़ा नाच भी सकते हैं। अगर आपको जानवरों के साथ खेलना पसंद है तो आप घर में जानवर भी पाल सकते हैं। इससे आप कभी उबाऊ महसूस नहीं करेंगे और मन व दिमाग भी नकरात्मक बातों से दूर रहेगा।
प्रकृति के साथ वक़्त बिताएं -
दिमाग को शांत करने के लिए बाहर जाएं और हरी-भरी प्रकृति को देखकर शांति महसूस करें। ऐसा करने से आप शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हैं। अपने आसपास के पार्क में जाकर पेड़-पौधों को देखें, इसके अलावा आप खुद भी अपने पसंदीदा पौधों को घर या अपने आसपास के पार्क में लगा सकते हैं। सुबह-सुबह जल्दी उठकर प्रकृति को देखने से मन हमेशा शांत और अच्छा महसूस करता है। तो सुबह-सुबह रोज जल्दी उठने की आदत डालें।
मन शांत करने के लिए नहाएं –
दिमाग व मन को शांत करने के लिए नहाएं। मन को काबू करने के लिए बाथिंग (नहाना) बहुत ही बेहतरीन तरीका है। कई लाभ पाने के लिए आप नहाने के पानी में खुशबूदार तेल भी मिला सकते हैं। इससे आपको नहाने में और अधिक मजा आएगा। साथ ही मजेदार गाना सुनकर भी आप नहाने का लुत्फ उठा सकते हैं। नहाने का पानी थोड़ा गुनगुना रखें जिससे आपकी शरीर की मांसपेशियों और नसों को आराम पहुचें।
सही आहार खाएं -
कुछ प्रकार के आहार में सेलेनियम, मैग्नीशियम या ट्रिप्टोफेन बहुत अधिक होता है और ये सभी होर्मोन्स को कम करते हैं जिनकी वजह से स्ट्रेस बढ़ता है। ऐसे आहार खाएं जिनसे आपके शरीर में मौजूद हॉर्मोन के स्तर में किसी भी तरह का उतार चढ़ाव न हो। आप इन आहारों को खा सकते हैं जैसे ड्राई फ्रूट, डार्क चॉकलेट, बेरी, पालक, सेब आदि। इन आहरों को रोजाना खाने से आपके मन व दिमाग को शांति मिलेगी।
घूमने के लिए जाएं -
अगर आप अपने मन व दिमाग को शांत करना चाहते हैं तो अपनी व्यस्त जीवनशैली में से खुद के लिए समय निकालें और बाहर कही घूमने का प्लैन बनाएं। घूमने के लिए आप पहाड़ी इलाके, हर-भरी जगह, बर्फ वाली जगह आदि जा सकते हैं। कभी-कभी खुद के लिए भी समय निकालना बेहद जरूरी है।
दिमाग व मन को शांत करने के लिए हंसें -
जब भी आप तनावपूर्ण महसूस करें या मन कभी शांत न लगे तो जोर-जोर से हसने की आदत डालें। सुनने में आपको थोड़ा अजीब लग सकता है लेकिन यह सच है। हसने से आपके शरीर में रक्त परिसंचरण बढ़ता है और दिमाग व मन को शांति मिलती है। अपने दोस्तों के बीच बैठें जिनके साथ में आपको मजा आता है, ऐसी हास्यपदक फिल्म देखें जो आपके दिमाग से नकारात्मक सोच को दूर कर दें। खुद को खुश रखने के लिए ऐसी गतिविधियां रोजाना करें।